चतरा जिले के मयूरहंड इलाके में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। हजारीबाग-इटखोरी मुख्य पथ पर तेतरिया मोड़ और सुराही मोड़ के बीच एक बोलेरो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
कौन थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान हजारीबाग जिले के पदमा थाना क्षेत्र के गरुकुरहा निवासी व्यास यादव के बेटे संजू यादव (25) और सुबोध ठाकुर के बेटे मिथुन ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी से करमा से अपने घर पदमा लौट रहे थे।
श्राद्ध का कार्ड बांटकर लौट रहे थे
परिजनों के अनुसार, संजू यादव की दादी का निधन हो गया था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त मिथुन ठाकुर के साथ रिश्तेदारों के घर श्राद्ध कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड बांटने गया था। लौटते समय घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टक्कर के बाद पलटी बोलेरो
बताया जा रहा है कि बोलेरो हजारीबाग से चतरा की ओर जा रही थी। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया।
सड़क जाम, मुआवजे की मांग
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर इटखोरी-हजारीबाग मुख्य मार्ग जाम कर दिया। देर शाम तक सड़क जाम थी।




