चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता आठ साल की एक बच्ची का शव शुक्रवार को धान के खेत से बरामद हुआ है। बच्ची चट्टीअनंतपुर गांव की रहने वाली थी और उसका शव पास के अनंतपुर बंदोहरी गांव के समीप एक खेत में मिला। खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
दीया जलाने निकली, फिर नहीं लौटी
परिजनों ने बताया कि 8 नवंबर को दीपावली की रात बच्ची घर से दीप जलाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों ने धान के खेत में बच्ची का शव पड़े होने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका
परिजनों ने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस हर पहलू की जांच में
सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
बच्ची की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा। छह दिनों तक बच्ची कहां थी और शव खेत तक कैसे पहुंचा, यह भी जांच का अहम सवाल है।
कानून के तहत नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जा सकती, इसलिए बच्ची का नाम नहीं दिया गया है।




