पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा इलाके में कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव की बंद पत्थर खदान से 14 साल की एक छात्रा का शव बरामद हुआ है। छात्रा चार दिनों से लापता थी। शुक्रवार सुबह उसका शव खदान के पानी में तैरता मिला, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।
शव पर गंभीर चोट के निशान
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के अनुसार, छात्रा के हाथ की अंगुली और मुंह में गंभीर चोट पाई गई है। ये चोटें किन हालात में लगीं और छात्रा की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।
रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर निकली थी
परिजनों के अनुसार, छात्रा मंगलवार को यह कहकर घर से निकली थी कि वह एक रिश्तेदार के यहां जा रही है। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खदान के भीतर पानी में शव देखा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और परिजनों ने उसकी पहचान की।
ग्राम प्रधान अनिल महतो ने बताया कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी गांव में किसी को नहीं है।
ग्रामीणों का विरोध, रात 8 बजे ले जाने दिया शव
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने खदान मालिक को बुलाने, मुआवजा देने और खदान के गड्ढों को भरने की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन को घेर लिया और शव ले जाने का विरोध किया। अधिकारियों के समझाने और मुआवजा दिलाने के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने करीब रात 8 बजे शव ले जाने दिया।
छह महीने से बंद है खदान
पटमदा सीओ डॉ राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर ही यह पत्थर खदान पिछले छह महीने से बंद है। धालभूम एसडीओ की ओर से खदान को लेकर दर्ज मामला हाईकोर्ट में लंबित है।
झारखंड में बंद पड़ी खदानें लगातार जानलेवा बनी हुई हैं। इन्हें भरने या घेरने की मांग लंबे समय से उठती रही है।
कानून के तहत नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जा सकती, इसलिए छात्रा का नाम नहीं दिया गया है।




